home page

किसान सभा के ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन में बनेगी, किसानों एवं आम जनता की समस्याओं के संघर्ष की रणनीति

 | 
किसान सभा के ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन में बनेगी, किसानों एवं आम जनता की समस्याओं के संघर्ष की रणनीति


मंडी, 30 अगस्त (हि.स.)। किसान सभा बल्ह कमेटी की बैठक अध्यक्ष प्रेमदास चौधरी की अध्यक्षता में कंसा चौक में आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि हिमाचल किसान सभा द्वारा बल्ह क्षेत्र के किसानों एवं आम जनता की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श के लिए ब्लॉक स्तरीय किसान सम्मेलन 6 सितंबर को सुबह 11:00 बजे कंसा चौक में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में किसान सभा की पिछले तीन वर्षों की गतिविधियों की रिपोर्ट, किसानों एवं आम जनता की विभिन्न समस्याओं तथा आगामी मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही ब्लॉक कमेटी का चुनाव भी किया जाएगा।

ब्लॉक सम्मेलन का उद्घाटन जिला किसान सभा के अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य अध्यक्ष कुशाल भारद्वाज द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर वे देश एवं प्रदेश के किसानों के समक्ष उत्पन्न विभिन्न समस्याओं तथा किसान आंदोलन की वर्तमान परिस्थितियों पर अपने विचार रखेंगे।

किसान सभा के सचिव रामजी दास ने कहा कि सम्मेलन में बल्ह क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इनमें कंसा क्षेत्र में प्रस्तावित कूड़ा निष्पादन स्थल को आबादी से दूर उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करना, आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान, डडौर एवं नागचला में राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित फ्लाईओवर/अंडरपास का शीघ्र निर्माण, डडौर–भौर मार्ग पर सर्विस रोड एवं जल निकासी नालियों का निर्माण प्रमुख हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा