मंडी में किसान गोष्ठी, प्राकृतिक खेती और डेयरी अपनाने का आह्वान
मंडी, 06 अगस्त (हि.स.)। मंडी जिला के विकास खंड बल्ह की ग्राम पंचायत गलमा में आज किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 300 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को किसान रजिस्ट्री के महत्व, पंजीकरण की प्रक्रिया एवं उससे मिलने वाले लाभों के साथ-साथ प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने किसानों से प्राकृतिक खेती एवं डेयरी व्यवसाय को एक साथ अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह मॉडल किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों तथा दूध पर निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य किसानों की आय बढ़ाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। यदि किसान प्राकृतिक खेती के साथ डेयरी को भी अपनाएं, तो इससे न केवल उनकी नियमित आय सुनिश्चित होगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोज़गारी एवं आर्थिक समस्याओं को भी काफी हद तक कम किया जा सकता है।
संयुक्त निदेशक, केंद्रीय क्षेत्र कृषि डॉ. प्राची ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया और उन्हें कम उत्पादक एवं समस्याग्रस्त क्षेत्रों में हल्दी की खेती अपनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती का मूल उद्देश्य गांवों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि प्राकृतिक खेती की अवधारणा यह है कि धन का प्रवाह गांव से शहर की ओर हो, न कि शहर से गांव की ओर। कार्यक्रम के दौरान किसानों को किसान रजिस्ट्री की आवश्यकता, पंजीकरण की प्रक्रिया एवं उससे प्राप्त होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही प्राकृतिक खेती के वैज्ञानिक, पर्यावरणीय एवं आर्थिक लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई। कृषि, बागवानी एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, तकनीकी जानकारी एवं किसान हितैषी कार्यक्रमों से किसानों को अवगत कराया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का सफल आयोजन आत्मा परियोजना, मंडी के तत्वावधान में विकास खंड बल्ह के बीटीएम एवं एटीएम स्टाफ द्वारा किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पंचायत गलमा के प्रधान एवं समस्त पंचायत प्रतिनिधियों का विशेष सहयोग रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

