home page

खत्री सभा मंडी ने 85 साल के 37 वरिष्ठजनों को सम्मानित, नरेश वैद्य दूसरी बार बने अध्यक्ष

 | 
खत्री सभा मंडी ने 85 साल के 37 वरिष्ठजनों को सम्मानित, नरेश वैद्य दूसरी बार बने अध्यक्ष


मंडी, 26 जुलाई (हि.स.)। खत्री सभा मंडी के रविवार को हुए आम अधिवेशन में खत्री समाज के 37 ऐसे वरिष्ठजनों को सम्मानित किया गया जो अपनी जिंदगी के 85 साल पूरे कर चुके हैं। वहीं शानदार कार्यकाल के लिए सभा ने डॉ नरेश वैद्य को लगातार दूसरी बार तीन साल के लिए अपना अध्यक्ष चुन लिया। सभा का वार्षिक आम सभा का आयोजन श्रद्धा, गरिमा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रातःकालीन पूजा एवं हवन-यज्ञ से हुआ, जिसमें समाज के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर समाज की उन्नति एवं सर्वकल्याण की कामना की। सभा के औपचारिक सत्र का प्रारम्भ वरिष्ठ उपाध्यक्ष द्वारा स्वागत भाषण से हुआ। इसके पश्चात समाज के दिवंगत सदस्यों को दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महासचिव ने गत वर्ष की वार्षिक आम सभा की कार्यवाही तथा वर्षभर की गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

इसके उपरांत कोषाध्यक्ष ने सभा के समक्ष आय-व्यय का लेखा-जोखा, वार्षिक बैलेंस शीट एवं लेखा-परीक्षित (ऑडिट) प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने विचार-विमर्श के बाद अनुमोदित किया। सभा के दौरान सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव एवं आपत्तियां प्रस्तुत कीं, जिनका पदाधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक एवं संतोषजनक उत्तर दिया गया।

वर्तमान अध्यक्ष ने अपने संबोधन में बीते कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए समाज की एकता, सेवा एवं विकास के लिए सभी सदस्यों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके उपरांत वर्तमान कार्यकारिणी को विधिवत भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई। चुनाव अधिकारी द्वारा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए।

डॉ. नरेश वैद्य के अतिरिक्त किसी अन्य सदस्य द्वारा नामांकन प्रस्तुत न किए जाने पर उन्हें सर्वसम्मति से निर्विरोध खत्री सभा का नया अध्यक्ष घोषित किया गया। अपने संक्षिप्त उद्बोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. नरेश वैद्य ने समाज के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे सभी के सहयोग से खत्री सभा की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए समाज के हित में समर्पित भाव से कार्य करेंगे। सभा का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा