कविन्द्र गुप्ता शिमला पहुंचे, मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के 30वें राज्यपाल के रूप में लेंगे शपथ
शिमला, 09 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल (नामित) कविन्द्र गुप्ता सोमवार सायंकाल शिमला पहुंच गए। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी बिंदु गुप्ता भी मौजूद रहीं। शिमला पहुंचने पर लोक भवन में उनका गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया गया।
राज्यपाल (नामित) कविन्द्र गुप्ता 10 मार्च मंगलवार को प्रातः 11:45 बजे हिमाचल प्रदेश के 30वें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल सहित कई विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्यपाल (नामित) और उनकी धर्मपत्नी को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि वे समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर हिमाचल प्रदेश के कल्याण और प्रगति के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के रूप में सेवा करना एक बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती है, जिसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से हिमाचल प्रदेश के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

