कसान नलवाड़ मेले से पूर्व पेयजल किललत और सड़कों की दशा को सुधारा जाएगा: अनिल शर्मा
मंडी, 15 जुलाई (हि.स.)। मंडी जिला के कोटली उपमंडल की कसान पंचायत में हर वर्ष आयोजित होने वाले ऐतिहासिक नलवाड़ मेले की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सदर विधायक अनिल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मेला कमेटी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शिरकत की।
बैठक के दौरान जहां मेले के सुचारू आयोजन के लिए रूपरेखा तैयार की गई। वहीं स्थानीय लोगों और प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में आ रही मूलभूत समस्याओं को भी प्रमुखता से विधायक के समक्ष रखा। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने विशेष रूप से पेयजल की किल्लत और सड़कों की दयनीय स्थिति का मुद्दा उठाया। लोगों की इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक अनिल शर्मा ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति सुचारू करने और सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए।
इसके अलावा, क्षेत्र में चल रहे एनएच-003 के निर्माण कार्य से उत्पन्न चुनौतियों पर भी गहन मंथन किया गया। विधायक ने निर्माणाधीन कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए डंपिंग साइट को समतल किया जाए। साथ ही, जलशक्ति विभाग के मैदान तक जाने वाली क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिए भी कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता कर तत्काल समाधान निकालने का निर्णय लिया गया।
इस बैठक में जिला परिषद सदस्य हेमलता, कोटली पंचायत के प्रधान रामलाल ठाकुर, कसान पंचायत के बीडीसी रमन कुमार, मेला कमेटी की प्रधान कल्पना ठाकुर, उप-प्रधान योगराज राणा, पूर्व उप-प्रधान रूप सिंह, विद्युत विभाग के एसडीओ, जलशक्ति विभाग के एसडीओ और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विधायक अनिल शर्मा ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने का आह्वान किया। मेले के आयोजन से पहले आम लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके और यह आयोजन भव्यता के साथ किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

