home page

करवा चौथ की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़, कपड़ों ,गहनों व पूजा के सामान की भारी खरीदारी

 | 
करवा चौथ की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़, कपड़ों ,गहनों व पूजा के सामान की भारी खरीदारी


करवा चौथ की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़, कपड़ों ,गहनों व पूजा के सामान की भारी खरीदारी


मंडी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। करवा चौथ के पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। इस बार करवा चौथ 29 अक्तूबर को है और इसे देखते हुए पूरे बाजार महिलाओं की साज सज्जा, कपड़ों गहनों व पूजा के सामान से अट गए हैं। कपड़े की दुकानों में खूब भीड़ है तो गहनों की भी जमकर खरीदारी हो रही है। साज सजने के सामान की बिक्री भी धड़ाधड़ चल रही है। पूजा के सामान की दुकानें भी हर जगह सज चुकी हैं तथा इनमें भी खूब काम चला है। करवा चौथ को लेकर महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता है। मेहंदी लगाने के लिए कलाकार हर जगह बैठे दिख रहे हैं। मेहंदी लगाने वालों की तो सबसे अधिक चांदी है। इनके रेट भी अच्छे खासे हैं। यहां तक कि मेहंदी लगाने के लिए बाहर से कई टीमें मंडी पहुंची हुई हैं जो कहीं भी बैठकर इस काम का अंजाम दे रही हैं।

ब्यूटी पार्लरों में भी नंबर लग रहे हैं। सरकार ने भी इस दिन महिलाओं के लिए विशेष अवकाश का एलान कर रखा है। करवा चौथ का क्रेज हिमाचल प्रदेश में दिनों दिन बढ़ रहा है और देखा देखी इसके लिए खरीदारी भी खूब होने लगी है। एक तरह से देखा जाए तो मंदी की मार झेल रहे बाजार को भी इससे एक तरह की संजीवनी मिलने लगी है। खास कर जिन दुकानों में महिलाओं से जुड़ा सामान मिलता है, साज सज्जा व पूजा की सामग्री जहां मिलती है वहां पर लगातार भीड़ नजर आ रही है।

इस बार कुछ देरी से करवा चौथ आ रही है ऐसे में चांद के दीदार भी शायद कुछ देरी से हों। जिस तरह से करवा चौथ के चांद को देखने व व्रत को खोलने के लिए प्रदेश की राजधानी शिमला में जोड़े रिज मैदान पर पहुंच जाते हैं उसी तरह हर शहर में ऐसे स्थान बन गए हैं जहां समय से चांद दिख जाता है। छोटी काशी मंडी में भी दंपति जल्दी चांद के दीदार के लिए टारना मंदिर की पहाड़ी पर पहुंच जाते हैं जहां रात आठ बजे के आसपास चांद दिख जाता है। यूं शहर के 9 बजे ही चांद के दीदार होने लगते हैं। एक तरह से हिमाचल में करवा चौथ अब प्रमुख उत्सवों में शुमार हो गया है जिसके चलते जमकर खरीदारी होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा