हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजेगा पांवटा, कांवड़ियों की सेवा में उतरी समिति
नाहन, 09 अगस्त (हि.स.)। सावन की पवित्र शिवरात्रि 11 अगस्त को है और महादेव के जलाभिषेक के लिए हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे हजारों कांवड़ियों के कदम पांवटा साहिब से होकर गुजर रहे हैं। शिवभक्तों की सेवा के लिए पांवटा साहिब एक बार फिर पूरी तरह तैयार है। हर हर महादेव कांवड़ सेवा समिति ने शनिवार को अपने 17वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर का विधिवत शुभारंभ कर दिया।
शिविर में कांवड़ियों के लिए 24 घंटे भोजन, ठहरने, आराम, उपचार और दवाइयों की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही भजन-कीर्तन से पूरा माहौल भक्तिमय रहेगा और हर शाम 8 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा। समिति का प्रयास है कि थकान से चूर होकर गुजरने वाले हर कांवड़िए को यहां अपनापन और सेवा का भाव मिले।इस बार पुलिस प्रशासन द्वारा कांवड़ियों का रूट डायवर्ट किए जाने के बाद समिति ने भी अपनी सेवा व्यवस्था को नए तरीके से तैयार किया है। मोबाइल भंडारा वैन का शुभारंभ किया गया है, जो बहराल बैरियर से लेकर उत्तराखंड के धर्मावाला चौक तक करीब 15 किलोमीटर के दायरे में दिन-रात घूमेगी।
खास बात यह है कि जिन कांवड़ियों को पांवटा साहिब में प्रवेश नहीं दिया जा रहा और पुलिस द्वारा उन्हें उत्तर प्रदेश की ओर डायवर्ट किया जा रहा है, उन तक भी समिति भोजन लेकर पहुंचेगी। यानी रास्ता चाहे बदले, लेकिन शिवभक्तों की सेवा नहीं रुकेगी। समिति के सदस्यों का कहना है कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और भाईचारे का भी संदेश देती है। इसी भावना के साथ हर वर्ष की तरह इस बार भी समिति कांवड़ियों की सेवा में पूरी ताकत के साथ जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

