home page

इंडो-यूएस ट्रेड डील के खिलाफ युवा कांग्रेस का जागरूकता शिविर

 | 
इंडो-यूएस ट्रेड डील के खिलाफ युवा कांग्रेस का जागरूकता शिविर


धर्मशाला, 01 मई (हि.स.)। युवा कांग्रेस द्वारा धर्मशाला में इंडो-यूएस ट्रेड डील के कारण हिमाचल प्रदेश को होने वाले संभावित नुकसान को लेकर शुक्रवार को एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा युवाओं, किसानों एवं आम जनता को इस प्रस्तावित व्यापार समझौते के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि इस डील के लागू होने से प्रदेश के सेब उत्पादकों, छोटे उद्योगों, डेयरी क्षेत्र तथा फार्मा उद्योग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। विशेष रूप से सस्ते आयातित उत्पादों के कारण स्थानीय उत्पादकों को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा, जिससे उनकी आय और रोजगार पर नकारात्मक असर पड़ने की आशंका है।

कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि बिना पर्याप्त सुरक्षा प्रावधानों के इस प्रकार के समझौते प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए चुनौती बन सकते हैं। इसलिए आवश्यक है कि प्रदेश के हितों को सर्वोपरि रखते हुए ठोस नीतिगत कदम उठाए जाएं।

इस अवसर पर सह-प्रभारी ज्योति, जिला प्रभारी चंद्रमणी कुलेठी, जिला अध्यक्ष सुनील भारद्वाज, महासचिव विट्ठल भारद्वाज, दिव्यांश कटोच एवं ब्लॉक अध्यक्ष मनिंद्र कपूर सहित उपस्थित युवा साथियों ने संकल्प लिया कि वे प्रदेश के हर कोने में जाकर आम जनता को इस विषय पर जागरूक करेंगे तथा किसानों, युवाओं और छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया