home page

'विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप 2026' का आगाज़ भारत के बढ़ते वैश्विक गौरव का प्रतीक : संजय शर्मा

 | 
'विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप 2026' का आगाज़ भारत के बढ़ते वैश्विक गौरव का प्रतीक : संजय शर्मा


धर्मशाला, 04 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने अहमदाबाद के 'एका एरिना' में 4 से 8 जून 2026 तक आयोजित हो रही पहली 'विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप 2026' का स्वागत किया है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा ने इसे देश के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय और भारत के बढ़ते वैश्विक गौरव का प्रतीक बताया है।

प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने वीरवार को जारी एक प्रेस बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और अटूट प्रयासों के कारण ही आज हमारी प्राचीन अनमोल धरोहर 'योग' को वैश्विक खेल मानचित्र पर यह ऐतिहासिक और सर्वोच्च स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक चैंपियनशिप में वैश्विक स्तर पर योग की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें 70 से अधिक देशों के 500 से ज्यादा एथलीट और प्रतिनिधिमंडल हिस्सा ले रहे हैं। इसमें भारत, अमेरिका, जापान, नीदरलैंड्स, ओमान, मॉरीशस, युगांडा, जाम्बिया, श्रीलंका, नेपाल और केन्या जैसे देशों के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर श्रेणियों (उम्र 10 से 55 वर्ष) के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस मेगा इवेंट का आयोजन 'योगासन भारत', 'विश्व योगासन' और 'भारतीय ओलंपिक संघ' के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को केवल एक साधना पद्धति से ऊपर उठाकर दुनिया के सामने एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में स्थापित किया है। यह भारत की सांस्कृतिक कूटनीति की बहुत बड़ी जीत है। प्रधानमंत्री मोदी के ही प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र संघ ने 21 जून को 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' घोषित किया था, और अब वर्ष 2026 में योग फॉर हेल्दी एजिंग की थीम के साथ योग को वैश्विक स्तर पर प्रिवेंटिव हेल्थकेयर के मुख्य स्तंभ के रूप में स्वीकार किया गया है। पीएम मोदी खुद इस चैंपियनशिप में वर्चुअल माध्यम से शामिल होकर दुनिया भर के योग एथलीटों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया