विश्व स्वास्थ्य दिवस पर टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित
धर्मशाला, 08 अप्रैल (हि.स.)। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के तत्वावधान में बुधवार को रेड क्रॉस मेले के दौरान पुलिस ग्राउंड, धर्मशाला में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। संदीप कुमार मंडल आयुक्त कांगड़ा इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और शिविर का उद्घाटन किया। शिविर में हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर की जांच तथा छाती का एक्स-रे जैसी आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। इससे टीबी और गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान में मदद मिली।
मुख्य अतिथि ने स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इससे लोगों में नियमित जांच कराने और बीमारी से बचाव की आदत विकसित होती है।
डॉ. आर के सूद जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं टीबी अधिकारी ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चिन्हित उच्च जोखिम वाले गांवों और वार्डों में ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिविर की एक खास विशेषता आधुनिक तकनीक का उपयोग था, जिसमें बैटरी से चलने वाले पोर्टेबल और एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) आधारित हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन का उपयोग किया गया। यह मशीन एक मिनट के भीतर एक्स-रे की जांच और रिपोर्ट देने में सक्षम है। यह तकनीक विश्व स्वास्थ्य दिवस 2026 के उस उद्देश्य को दर्शाती है, जिसमें सभी तक सस्ती और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया गया है।
पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित डॉ ओमेश भारती, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के उपनिदेशक ने लोगों से संवाद किया। उन्होंने बीमारी से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी। साथ ही सांप के काटने और कुत्ते के काटने पर प्राथमिक उपचार के बारे में भी सरल तरीके से समझाया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अंधविश्वास से दूर रहकर वैज्ञानिक और सही चिकित्सा सलाह अपनाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

