साइबर धोखाधड़ी मामलों के संबंध में जांच अधिकारियों के लिए कार्यशाला आयोजित
धर्मशाला, 17 मार्च (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस के जांच अधिकारियों को स्टॉक मार्केट से जुड़े साइबर धोखाधड़ी मामलों के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, धर्मशाला में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में जिला कांगड़ा पुलिस के 60 से अधिक जांच अधिकारियों ने भाग लिया और विभिन्न विषयों पर सक्रिय रूप से चर्चा एवं सहभागिता की।
कार्यशाला में विशेष रूप से उन साइबर धोखाधड़ी के मामलों पर चर्चा की गई जिनमें ठग व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर अधिक लाभ का लालच देकर ठगी कर रहे हैं। इस कार्यशाला का उद्देश्य जांच अधिकारियों को ऐसे अपराधों की कार्यप्रणाली, जांच के तरीकों तथा नियामकीय पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
कार्यशाला में विजयंन्त कुमार वर्मा, क्षेत्रीय निदेशक, सेबी तथा विवेक दुआ, विधि अधिकारी, नॉर्थ ज़ोन, एनएसई ने बतौर विशेषज्ञ वक्ता अपने व्याख्यान दिए। उन्होंने स्टॉक मार्केट से संबंधित साइबर धोखाधड़ी के तरीकों, नियामकीय व्यवस्था तथा ऐसे मामलों में कानून प्रवर्तन एजेंसियों की भूमिका के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। साथ ही उन्होंने वास्तविक मामलों के उदाहरणों के माध्यम से जांच अधिकारियों को उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीर बहादुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कांगड़ा द्वारा की गई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि साइबर धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस और वित्तीय नियामक संस्थाओं के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है, ताकि आम जनता को ऐसे वित्तीय अपराधों से सुरक्षित रखा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

