सभी सहायक अभियंता कार्यालयों को 2 सप्ताह में किया जाए डिजीटाइज : डॉ अभिषेक जैन
धर्मशाला, 03 जुलाई (हि.स.)। प्रधान सचिव जल शक्ति विभाग हिमाचल सरकार डॉ. अभिषेक जैन ने सभी सहायक अभियंताओं के कार्यालयों को दो सप्ताह में डिजीटाइज करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने सहायक अभियंताओं को एक करोड़ से अधिक की योजना और अधिशाषी अभियंता को 5 करोड़ से अधिक की योजना को स्वंय निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। इस संबंध में निरीक्षण रिपोर्ट प्रधान सचिव को भेजने को भी कहा गया है। प्रधान सचिव ने कहा है कि दो माह में एक दिन सभी अधिशाषी अभियंता अपने क्षेत्राधिकार के तहत सबसे दूरस्थ गांव का दौरा कर वहां पर पेयजल आदि की योजनाओं को जांचेंगे। इस संबंध में भी रिपोर्ट प्रधान सचिव को भेजने के दिशा निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. अभिषेक जैन ने जल शक्ति विभाग की ओर से कार्यात्मक प्रभावशीलता में सुधार, इंटरनेट ऑफ थिंग्स आधारित कामकाज के लाभ और इस पर आधारित कार्यप्रणाली में तेजी लाने के साथ साथ आने वाली चुनौतियों पर कार्यशाला के आयोजन के दौरान ये निर्देश जारी किए।
कार्यशाला का आयोजन पालमपुर के विला केमेलिया होटल में किया गया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग के 75 से अधिक अधिशाषी अभियंता, 23 अधीक्षण अभियंता कार्यालय, 4 मुख्य अभियंता कार्यालय सहित प्रमुख अभियंता कार्यालय डिजीटल हो चुके हैं। अब सहायक अभियंता कार्यालयों को पूर्णत: डिजीटल किया जाएगा। इससे कार्य में तेजी और पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को उपरोक्त निर्देशों का अक्षरश: पालन करने को कहा। साथ ही बरसात के मौसम में पूर्ण तैयारियां रखने और लोगों को पेयजल की किल्लत सहित गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। लंबित योजनाओं को दोगुनी गति से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
डॉ. अभिषेक जैन ने कहा कि बढ़ती आबादी, शहरीकरण और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में पारंपरिक तौर-तरीकों से हटकर स्मार्ट तकनीक का इस्तेमाल करना बेहद जरूरी हो गया है।
कार्यक्रम में विभिन्न समस्याओं पर परिचर्चा भी की गई। इसमें विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न जन प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इसके अलावा लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

