home page

धर्मशाला जेल से फरार महिला कैदी कुछ देर बाद की गिरफ्तार

 | 

धर्मशाला, 30 जून (हि.स.)। लाला लाजपत राय जिला एवं मुक्त कारागार जेल धर्मशाला में विचाराधीन एक महिला कैदी मंगलवार सुबह फरार हो गई जिसे कुछ ही घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को जैसे ही महिला कैदी के फरार होने की सूचना मिली उसके तुरंत बाद उसे ढूंढने के लिए प्रयास शुरू किए गए। बाद में नूरपुर जेल तथा पुलिस स्टाफ की टीम ने फरार महिला कैदी को गिरफ्तार कर लिया।

गौरतलब है कि महिला कैदी अरविंदर कौर पुत्री सुखविंदर कौर, निवासी ग्राम बल्टोहा जोधसिंह वाला, तहसील पट्टी, जिला तरनतारन (पंजाब), जिसके खिलाफ एनडीपीएस मामले में थाना नूरपुर में मामला दर्ज है। उक्त महिला जोकि धर्मशाला जेल में विचाराधीन कैदी थी, मंगलवार सुबह बैरक से फरार हो गई। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई तथा उसकी तलाश हेतु व्यापक अभियान चलाया गया। पुलिस एवं जेल विभाग के समन्वित प्रयासों के फलस्वरूप उक्त बंदी को आज ही लगभग दोपहर 12 बजे उप-कारागार नूरपुर के जेल स्टाफ तथा पुलिस स्टाफ द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया।

उधर जेल विभाग ने इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए उप महानिरीक्षक, उत्तरी रेंज एवं उनकी टीम का हार्दिक आभार व्यक्त किया है, जिनके सहयोग से फरार बंदी को शीघ्र गिरफ्तार करना संभव हो सका। साथ ही पुलिस अधीक्षक, नूरपुर का भी आभार जताया गया है।

वहीं इस घटना की जांच कारागार विभाग द्वारा एसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है जिससे कि इस तरह की घटना की पुनरावृति न हो तथा साथ ही मामले में नियमानुसार विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया