शीतकालीन स्कूलों में तीसरी, पांचवीं और आठवीं की वार्षिक परीक्षाएं एक दिसंबर से प्रस्तावित
धर्मशाला, 21 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में पढ़ने वाले तीसरी, पांचवीं और आठवीं कक्षा की नियमित कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं एक दिसंबर से आयोजित करने का प्रस्ताव रखा है। प्रदेश के मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए बोर्ड ने विषयवार प्रस्तावित डेटशीट तैयार कर ली है, ताकि सर्दियों के मौसम में छात्रों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि फिलहाल यह तिथियां प्रस्तावित हैं। बोर्ड द्वारा तैयार की गई इस प्रस्तावित तिथि-सूची (डेटशीट) को आवश्यक समीक्षा और अंतिम अनुमोदन के लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय शिमला भेज दिया गया है। शिक्षा निदेशालय से जैसे ही इस प्रस्ताव पर मुहर लगेगी, वैसे ही बोर्ड द्वारा वार्षिक परीक्षाओं की अंतिम और आधिकारिक डेटशीट जारी कर दी जाएगी। इसके बाद ही परीक्षा संचालन से जुड़ी आगामी प्रक्रिया शुरू होगी।
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक विविधता और सर्दियों के दौरान मौसम की कठोर परिस्थितियों खासकर बर्फबारी और कड़ाके की ठंड को ध्यान में रखते हुए परीक्षाओं का समय पूर्व निर्धारित करना बेहद आवश्यक है। इस कदम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खराब मौसम के कारण विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो और राज्य भर में परीक्षाओं का सुचारू व व्यवस्थित संचालन सफलतापूर्वक किया जा सके। निदेशालय से हरी झंडी मिलते ही स्कूलों और विद्यार्थियों को आगे की तैयारियों के लिए सूचित कर दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

