home page

धौलाधार में दूसरे दिन भी हिमपात व बारिश से कांगड़ा घाटी ठंड की चपेट में

 | 

धर्मशाला, 16 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में लंबे सूखे के बाद बीते दिन रविवार से मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है जिसके चलते आज दूसरे दिन भी कांगड़ा घाटी में जहां बारिश का दौर जारी रहा वहीं धौलाधार की पहाड़ियों में ताजा हिमपात हुआ है। धौलाधार में ताजा हिमपात होने से कांगड़ा घाटी में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। ठंडी हवाओं का दौर चल रहा है और तापमान में काफी गिरावट आ गई है। खासकर धर्मशाला के ऊपरी क्षेत्रों धर्मकोट, नड्डी और मैक्लोडगंज में मौसम काफी ठंडा हो गया है जिससे लोगों को आग व हीटर का सहारा लेना पड़ रहा है।

गौर हो कि पिछले लंबे समय से मौसम साफ रहने के कारण घाटी के दिन के तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही थी लेकिन दो दिनों से सुबह से मौसम के करवट बदलने से मार्च में भी सर्दियों वाली ठंडक का एहसास होने लगा है।

बारिश होने से किसान-बागवान खुश

उधर मौसम के इस मिजाज से पूर्व लंबे समय से बारिश न होने के कारण किसान व बागवान काफी निराश थे जिन्हें अब बड़ी राहत मिली है। खासकर गेंहू और अन्य मौसमी फसलों और सब्जियों को संजीवनी मिली है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया