जल संरक्षण हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी : डॉ. सुनंदा पठानिया
धर्मशाला, 27 मार्च (हि.स.)। एटीसी शाहपुर ने शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) शाहपुर के सहयोग से जल संरक्षण विषय पर जागरूकता रैली एवं कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों और आम जनता को पानी के महत्व, उसके सही उपयोग और भविष्य के लिए जल बचाने के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर आईटीआई शाहपुर के छात्रों और शिक्षकों ने शाहपुर बाजार तक एक भव्य रैली निकाली। रैली के दौरान छात्रों ने जल है तो कल है और पानी बचाओ, जीवन बचाओ जैसे नारों के माध्यम से स्थानीय लोगों को जल संरक्षण का संदेश दिया। रैली के जरिए यह बताया गया कि पानी का विवेकपूर्ण उपयोग आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
रैली के समापन के बाद सभी छात्र और शिक्षक एटीसी शाहपुर परिसर में एकत्रित हुए, जहां संस्थान की वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. सुनंदा पठानिया ने जल संरक्षण पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने छात्रों के साथ इस विषय पर विस्तृत चर्चा करते हुए बताया कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके भी जल की बड़ी बचत की जा सकती है। डॉ. सुनंदा पठानिया ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है, और इसे प्रदूषित होने से बचाना तथा संरक्षित करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान छात्रों को जल संरक्षण और पानी के सदुपयोग पर आधारित एक ज्ञानवर्धक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।
कार्यक्रम के अंत में एटीसी स्टाफ, आईटीआई के शिक्षकों और छात्रों ने सामूहिक शपथ ली कि वे अपने दैनिक जीवन में पानी की बर्बादी रोकेंगे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

