शीत सत्र : सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 800 जवान तैनात, 11 सेक्टरों में बंटी सुरक्षा व्यवस्था
धर्मशाला, 15 नवंबर (हि.स.)। धर्मशाला के तपोवन में सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर कांगड़ा पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का पूरा खाका तैयार कर लिया है। छह दिवसीय सत्र के दौरान धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में करीब 800 पुलिस जवानों व अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके लिए विधानसभा परिसर सहित पूरे धर्मशाला शहर को सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की दृष्टि से 11 सेक्टरों में बांटा गया है। रविवार को जोरावर सिंह मैदान तपोवन में पुलिस जवानों और अधिकारियों की ब्रीफिंग होगी। इसके बाद सभी को निर्धारित स्थानों पर तैनात कर दिया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पहले पांच सेक्टरों को अति संवेदनशील और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रखा गया है। सेक्टर-एक में विधानसभा परिसर और इसके दोनों मुख्य प्रवेश द्वार शामिल हैं, जहां त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा। सेक्टर-दो में कनेड़ चौक से जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह तक विधानसभा का बाहरी क्षेत्र रहेगा। सेक्टर-तीन में जोरावर पार्किंग, रैली मैदान, पंचायत भवन सिद्धबाड़ी, नियंत्रण कक्ष और पुराने पंचायत घर सिद्धबाड़ी की व्यवस्था शामिल है। मुख्यमंत्री के रात्रि ठहराव स्थल परिधि गृह को सेक्टर-चार और धर्मशाला स्थित लघु सचिवालय को सेक्टर-पांच में रखा गया है।
पुलिस प्रशासन का प्रयास रहेगा कि विधानसभा परिसर तक पहुंचने वाले वीआईपी और वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही के दौरान आम लोगों और पर्यटकों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े। इसके लिए प्रमुख चौकों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। सत्र के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ धरना-प्रदर्शनों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि विधानसभा सत्र को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया गया है। करीब 800 पुलिस जवानों और अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। रविवार को जोरावर सिंह मैदान में ब्रीफिंग के बाद सभी की ड्यूटी निर्धारित सेक्टरों में लगा दी जाएगी। मटौर, गगल, डाढ, योल और मैक्लोडगंज सहित धर्मशाला तक यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। पुलिस का प्रयास रहेगा कि सत्र शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और आम जनता को भी कम से कम असुविधा हो।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

