home page

विधानसभा परिसर में पूर्व विधायकों की बाइट और प्रेस कॉन्फ्रेंस पर रोक : कुलदीप पठानिया

 | 

धर्मशाला, 15 नवंबर (हि.स.)।

तपोवन विधानसभा परिसर में अब मीडिया कर्मी पूर्व विधायकों और अन्य लोगों की प्रेस कॉन्फ्रेंस, बाइट और इंटरव्यू नहीं कर सकेंगे। विधानसभा परिसर के भीतर मीडिया को केवल मौजूदा विधायकों की प्रेस कॉन्फ्रेंस और उनके इंटरव्यू की अनुमति होगी। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में मीडिया कवरेज को लेकर ये दिशा-निर्देश स्पष्ट किए।

उन्होंने कहा कि विधानसभा परिसर में राज्य और जिला स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों को प्रवेश दिया जाता है। अन्य चैनलों के प्रतिनिधियों को भी निर्धारित नियमों के तहत अनुमति मिलती है, लेकिन परिसर के भीतर कवरेज मौजूदा विधायकों तक ही सीमित रहेगी। किसी पूर्व विधायक या अन्य व्यक्ति को परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने अथवा मीडिया को बाइट देने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि परिसर से बाहर मीडिया अपनी सामान्य कार्यप्रणाली के तहत किसी का भी साक्षात्कार कर सकेगा।

पठानिया ने कहा कि शिमला में हाल ही में हुई कुछ घटनाओं के बाद इस विषय को विधानसभा ने संज्ञान में लिया था। एक पूर्व विधायक की ओर से परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बाद मामला सदन में भी उठा था, जिस पर विधानसभा की ओर से रूलिंग दी गई। उन्होंने कहा कि मौजूदा विधायकों को विधानसभा परिसर और सदन में विशेषाधिकार एवं संरक्षण प्राप्त हैं। हालांकि सदन के भीतर प्रत्येक सदस्य को नियमों के अनुरूप आचरण करना अनिवार्य है और उल्लंघन पर विधानसभा अध्यक्ष नियमानुसार कार्रवाई कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया