विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति मामले में सुधीर शर्मा से की करीब दो घंटे पूछताछ
धर्मशाला, 18 अगस्त (हि.स.)। आय से अधिक संपत्ति मामले में धर्मशाला के भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा मंगलवार को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) के धर्मशाला थाने में पेश हुए। विजिलेंस ने उन्हें जांच के सिलसिले में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के लिए तलब किया था। जानकारी के अनुसार विधायक से करीब दो घंटे तक पूछताछ की गई।
सुधीर शर्मा सुबह करीब 11:35 बजे धर्मशाला के कचहरी चौक पहुंचे। इस दौरान उनके समर्थन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पहले से ही वहां मौजूद थे। करीब 11:50 बजे वह विजिलेंस के समक्ष पेश हुए। पूछताछ की प्रक्रिया करीब दो घंटे तक चली और वह लगभग 1:45 बजे विजिलेंस कार्यालय से बाहर आए।
विधायक की पेशी को लेकर सुबह से ही कचहरी चौक और आसपास के क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में यहां जुटे और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के चलते सुधीर शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कई समर्थक काली पट्टियां बांधकर भी विरोध जताते नजर आए।
वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। कचहरी चौक और विजिलेंस कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। संभावित भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग की गई और पुलिस कर्मियों ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बनाए रखी। ड्रोन के माध्यम से भी क्षेत्र की निगरानी किए जाने की जानकारी है।
विजिलेंस की ओर से सुधीर शर्मा से पूछताछ आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में की गई। जांच एजेंसी की ओर से वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों और अन्य संबंधित दस्तावेजों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, सुधीर शर्मा पहले ही जांच में सहयोग करने की बात कह चुके हैं।
करीब दो घंटे की पूछताछ के बाद विधायक के बाहर आने पर उनके समर्थक फिर उनके साथ नजर आए। पूरे घटनाक्रम के दौरान धर्मशाला में राजनीतिक माहौल गर्म रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

