home page

देश में यूसीसी से खत्म होगी तुष्टिकरण की राजनीति : संजय शर्मा

 | 
देश में यूसीसी से खत्म होगी तुष्टिकरण की राजनीति : संजय शर्मा


धर्मशाला, 19 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया वक्तव्य का स्वागत करते हुए प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश विकास और सामाजिक न्याय के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है।

संजय शर्मा ने कहा कि देश में लंबे समय से लंबित 'समान नागरिक संहिता' (यूसीसी) को लेकर मोदी सरकार का संकल्प ऐतिहासिक है। 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले देश के सभी 21 भाजपा एवं एनडीए शासित राज्यों में इसे चरणबद्ध तरीके से लागू कर दिया जाएगा और आने वाले समय में यह पूरे देश में प्रभावी होगी।

शनिवार को जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 से पहले सभी एनडीए शासित राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। आने वाले समय में यह कानून पूरे देश में लागू होगा, जिससे हर नागरिक को समान अधिकार और कानून का संरक्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद तुष्टिकरण की राजनीति के तहत कांग्रेस पार्टी ने समान कानून न बनाकर जो 'सबसे बड़ी ऐतिहासिक गलती' की थी, उसे सुधारने का काम मोदी सरकार और भाजपा कर रही है।

तीन तलाक को समाप्त करने के बाद अब यूसीसी लागू होने से सभी वर्गों की महिलाओं को बराबरी का अधिकार और सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाना, आतंकवाद पर ज़ीरो टॉलरेंस, और नक्सलवाद का सफाया—ये मोदी सरकार की ऐतिहासिक इच्छाशक्ति का प्रमाण हैं।

हिमाचल भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि समान नागरिक संहिता देश की अखंडता, सामाजिक समरसता और समानता के लिए अत्यंत आवश्यक है। देश की जनता का अटूट विश्वास और समर्थन इस ऐतिहासिक सुधार के साथ है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया