home page

ट्रस्ट की जमीन पर कब्जे का आरोप, महिला ने प्रधानमंत्री से मांगी सुरक्षा

 | 

धर्मशाला, 13 नवंबर (हि.स.)। कांगड़ा जिला के पालमपुर उपमंडल में तहत मरेरी क्षेत्र में पारिवारिक ट्रस्ट की भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास और मारपीट का आरोप लगाते हुए ट्रस्ट की ट्रस्टी असील अली कुठियाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शिकायत भेजी है। धर्मशाला में शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि उन्होंने मामले में अपनी जान-माल की सुरक्षा के साथ-साथ पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की है।

महिला के अनुसार पालमपुर तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत दरोगनू के महाल मरेरी में खाता नंबर तीन के तहत करीब 1287 कनाल भूमि उनके परिवार द्वारा स्थापित आनंद शक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट से जुड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 25 मई 2026 को उनकी अनुपस्थिति में उदय सिंह भुल्लर ने जेसीबी मशीन से भूमि पर करीब 10 किलोमीटर लंबा रास्ता बनाने का प्रयास किया। इस दौरान जंगल में आग लगाने और 100 से अधिक हरे पेड़ों को काटने का भी आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि मौके पर पहुंचकर विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।

शिकायत में महिला ने पुलिस और वन विभाग की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की और बाद में दर्ज रिपोर्ट में घटना के तथ्यों को सही तरीके से शामिल नहीं किया गया। वहीं, वन विभाग की रिपोर्ट में कथित तौर पर 100 से अधिक पेड़ों की कटाई के बजाय केवल तीन पेड़ों का उल्लेख किया गया।

महिला ने यह भी बताया कि मामले में पालमपुर के सक्षम न्यायालय से उदय सिंह भुल्लर, अजय भीमभट्ट और विजय भीमभट्ट के खिलाफ स्थगन आदेश जारी हुआ है। इसके बावजूद उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। शिकायत में एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने मारपीट और घरेलू सामान बाहर फेंकने का आरोप भी लगाया है।

प्रधानमंत्री को भेजी शिकायत में महिला ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच, अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने, न्यायालय के आदेश की पालना करवाने तथा पुलिस, राजस्व और वन विभाग की भूमिका की जांच की मांग की है। साथ ही ट्रस्ट की भूमि के राजस्व रिकॉर्ड और कानूनी स्वामित्व की जांच करवाकर किसी भी तरह के अवैध कब्जे या निर्माण को रोकने का आग्रह किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया