बीते वीकेंड में रिकॉर्ड पर्यटक पंहुचे त्रियुण्ड
धर्मशाला, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बीते वीकेंड में खासकर 2 अक्टूबर को ट्रैकिंग स्थल त्रियुंड ट्रैक पर पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद दर्ज की गई थी। इस दिन करीब 1700 पर्यटक त्रियुण्ड के लिए रवाना हुए थे। इनमें बड़ी संख्या ऐसे पर्यटकों भी थी, जो सुबह ट्रैकिंग कर शाम तक वापस लौट गए। वहीं एक हजार से कम पर्यटकों ने त्रियुंड में रात को रुककर रात्रि ट्रैकिंग का अनुभव लिया। 2 अक्टूबर को बड़ी संख्या में पर्यटक त्रियुण्ड पंहुचे वहीं इसके बाद शनिवार और रविवार को भी त्रियुंड में दिन और रात की ट्रैकिंग के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे।
शुक्रवार को त्रियुंड ट्रैक के लिए पंजीकरण और पर्ची कटवाने के दौरान भी पर्यटकों की लंबी कतारें लगी रहीं। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण वन विभाग और ट्रैकिंग से जुड़े कारोबारियों को व्यवस्थाएं संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।
वन विभाग के डीएफओ धर्मशाला अमित शर्मा ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने और ट्रैक पर एक समय में अत्यधिक पर्यटकों की संख्या रोकने के लिए वन विभाग अब अग्रिम पंजीकरण की व्यवस्था शुरू करने की तैयारी में है। इससे ट्रैकिंग गाइड और कारोबारियों को पहले से पर्यटकों की संख्या की जानकारी मिल सकेगी और पर्यटकों की आवाजाही को निर्धारित संख्या के अनुसार नियंत्रित किया जा सकेगा। इससे त्रियुंड ट्रैक पर दबाव कम करने के साथ पर्यटकों की सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

