home page

कांगड़ा में यातायात नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, 72 हजार से ज्यादा चालान

 | 

धर्मशाला, 13 सितंबर (हि.स.)। जिला कांगड़ा में यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने इस वर्ष अब तक जिले में 72,434 चालान किए गए हैं। इनमें 31,730 चालान एकीकृत यातायात प्रबंधन प्रणाली (आईटीएमएस) के माध्यम से स्वचालित तरीके से किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने जैसे गंभीर मामलों में संबंधित पंजीकरण एवं अनुज्ञापन प्राधिकारी को चालक का लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की जाती है। ऐसे मामलों में तीन माह तक लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की जाती है। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति तीन या इससे अधिक बार यातायात नियमों का उल्लंघन करता है तो नियमों के तहत वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र रद्द करने का भी प्रावधान है। पुलिस ऐसे वाहन चालकों पर लगातार नजर रख रही है।

एसपी ने कहा कि नाकाबंदी और यातायात संबंधी अन्य अभियानों के दौरान पुलिस वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट समेत सभी यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक कर रही है। इस अभियान में टैक्सी और बस यूनियनों के पदाधिकारी भी पुलिस का सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। नियमों की लगातार अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया