home page

जेबीटी एवं टीजीटी टेट परीक्षा के लिए 1440 अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द

 | 
जेबीटी एवं टीजीटी टेट परीक्षा के लिए 1440 अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द


धर्मशाला, 02 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जून-2026 में आयोजित की जाने वाली विभिन्न अध्यापक पात्रता परीक्षाओं (टेट) हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के तहत 33,971 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 32,531 आवेदन पत्र सही पाए गए हैं।

विषयवार प्राप्त वैध आवेदनों में स्पेशल एजुकेटर टेट (प्री-प्राइमरी से कक्षा-5) के लिए 407, स्पेशल एजुकेटर टेट (कक्षा 6 से 12) के लिए 128, टीजीटी (आर्ट्स) टेट के लिए 10,515, टीजीटी (मेडिकल) टेट के लिए 3,318, जेबीटी टेट के लिए 8,925, टीजीटी (संस्कृत) टेट के लिए 1,394, पंजाबी टेट के लिए 89, उर्दू टेट के लिए 7, टीजीटी (नॉन-मेडिकल) टेट के लिए 5,517 तथा टीजीटी (हिंदी) टेट के लिए 2,231 आवेदन स्वीकार किए गए हैं।

स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि 1,440 अभ्यर्थियों द्वारा अपने आवेदन पत्रों के साथ निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा नहीं करवाया गया। निर्धारित अंतिम तिथि 18 मई 2026 तक शुल्क जमा न करने के कारण ऐसे सभी आवेदन पत्र निरस्त कर दिए गए हैं। निरस्त किए गए आवेदनों की सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है।

उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों ने निर्धारित तिथि के भीतर शुल्क जमा करवाया है, किंतु किसी कारणवश उनका आवेदन निरस्त हो गया है, वे अपने आवेदन संख्या, रिजेक्शन सूची में अंकित क्रम संख्या तथा शुल्क जमा करने से संबंधित दस्तावेज बोर्ड कार्यालय में 05 जून 2026 तक प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के उपरांत किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

बोर्ड अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे अपने आवेदन की स्थिति बोर्ड की वेबसाइट पर अवश्य जांच लें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया