home page

13 और 14 जून को टेट परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी, 24 हजार से अधिक अभ्यर्थी आजमाएंगे भाग्य

 | 
13 और 14 जून को टेट परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी, 24 हजार से अधिक अभ्यर्थी आजमाएंगे भाग्य


धर्मशाला, 10 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) जून-2026 के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। इस बार प्रदेश भर से 24 हजार से अधिक अभ्यर्थी शिक्षक बनने की अपनी पात्रता साबित करने के लिए परीक्षा में बैठेंगे। बोर्ड ने परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए बताया कि टीजीटी (आर्ट्स), टीजीटी (मेडिकल), जेबीटी और टीजीटी (संस्कृत) विषयों की पात्रता परीक्षाएं पूरी तरह से तय शेड्यूल के मुताबिक ही आयोजित की जा रही हैं।

डॉ. शर्मा के अनुसार परीक्षा के पहले दिन यानी 13 जून को दो महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षाएं होंगी। सुबह के सत्र में टीजीटी (आर्ट्स) की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसका समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस परीक्षा के लिए प्रदेश भर में कुल 68 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10,515 अभ्यर्थी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इसी दिन दोपहर के सत्र में 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक टीजीटी (मेडिकल) की परीक्षा होगी। इस परीक्षा के लिए 51 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें कुल 3,318 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

परीक्षा के दूसरे दिन यानी 14 जून को जेबीटी और टीजीटी (संस्कृत) के अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। सुबह के सत्र में 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होने वाली जेबीटी टीईटी परीक्षा में 8,925 अभ्यर्थी भाग लेंगे, जिनके लिए राज्य भर में 64 परीक्षा केंद्र तैयार किए गए हैं। इसके बाद दोपहर के सत्र में 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक टीजीटी (संस्कृत) की परीक्षा का आयोजन होगा, जिसमें 39 केंद्रों पर 1,394 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे।

बोर्ड प्रबंधन ने सूचित किया है कि इन सभी परीक्षाओं के प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर अपलोड कर दिए गए हैं। परीक्षार्थी बिना किसी देरी के वेबसाइट पर जाकर अपना एप्लीकेशन नंबर और जन्म तिथि दर्ज कर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें। इसके साथ ही उन्होंने परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ एक वैध पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस आदि) अनिवार्य रूप से साथ लाने का आग्रह किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया