home page

जिला कांगड़ा के कॉलेज टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए एकजुट, कार्यशाला का आयोजन

 | 
जिला कांगड़ा के कॉलेज टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए एकजुट, कार्यशाला का आयोजन


धर्मशाला, 24 फ़रवरी (हि.स.)। जिला कांगड़ा में टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए मंगलवार को स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें कॉलेजों, आईटीआई, नर्सिंग एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों के प्राचार्यों और रेड रिबन क्लब के नोडल अधिकारियों ने भाग लिया।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर राजेश सूद ने बताया कि टीबी रोग से जुड़ी गलत धारणाएं और डर आज भी समाज में मौजूद हैं, जिन्हें दूर करने के लिए खुलकर संवाद, समय पर जांच और पूर्ण उपचार के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। युवाओं की ताकत और रचनात्मक सोच को अभियान का केंद्र बनाते हुए पोस्टर प्रतियोगिता, सोशल मीडिया रील्स व डिजिटल अभियान, वाद-विवाद तथा नवाचार प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूकता को जनभागीदारी में बदलने पर जोर देने की आवश्यकता है। सोशल मीडिया को सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताते हुए डॉक्टर सूद ने कहा कि सही जानकारी, मिथकों का खंडन और सफल उपचार की कहानियों का प्रसार समाज में फैले डर और भेदभाव को कम कर सकता है। कॉलेजों के रेड रिबन क्लब को परिसर और ऑनलाइन दोनों स्तरों पर सहानुभूति और जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।

सीएमओ कांगड़ा डॉ. विवेक करोल ने कहा कि युवाओं के स्वास्थ्य के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है और शिक्षण संस्थान तंबाकू मुक्त परिसर, नियमित स्वास्थ्य गतिविधियों और सकारात्मक वातावरण के माध्यम से स्वस्थ पीढ़ी तैयार कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया