मतदान केंद्रों पर पहचान प्रक्रिया को सरल बनाने पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित
धर्मशाला, 24 जून(हि.स.)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हिमाचल प्रदेश के मार्गदर्शन में धर्मशाला स्थित डी'पोलो क्लब में “मतदान केंद्र पर पहचान की सुगमता” विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें निर्वाचन विभाग के अधिकारियों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नंदिता गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता की निर्बाध और सुगम भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मतदाता पहचान प्रक्रिया को अधिक सरल, समावेशी और तकनीक-सक्षम बनाने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यशाला भविष्य की निर्वाचन प्रक्रियाओं के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान करेगी।
कार्यशाला में मतदाता पहचान से जुड़े कानूनी प्रावधानों, कानून-व्यवस्था संबंधी मुद्दों, मतदाता जागरूकता, मतदान दिवस से पूर्व पहचान प्रक्रिया को सरल बनाने के उपायों तथा महिलाओं, ट्रांसजेंडर, प्रवासी और जनजातीय समुदायों के समावेशन पर विस्तृत चर्चा की गई।
दोपहर बाद के सत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और नई तकनीकों के उपयोग, प्रशासनिक चुनौतियों तथा अन्य देशों के सफल अनुभवों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए। समूह चर्चा के माध्यम से मतदाता पहचान प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समावेशी बनाने के लिए विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

