home page

राज्य स्तरीय बैसाखी मेले की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

 | 
राज्य स्तरीय बैसाखी मेले की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित


धर्मशाला, 23 मार्च (हि.स.)। देहरा विधानसभा क्षेत्र के श्री कालीनाथ कालेश्वर मंदिर (न्यास) परिसर में राज्य स्तरीय बैसाखी मेला-2026 के सफल आयोजन के दृष्टिगत सोमवार को एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त आयुक्त, श्री कालीनाथ कालेश्वर मंदिर (न्यास) एवं एसडीएम, देहरा कुलवंत सिंह पोटन ने की।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधियों, न्यास सदस्यों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मेले के सुचारू एवं सफल आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। संभावित श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की संख्या को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत एवं गड्ढों को भरने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

बैठक में मेला परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, अस्थायी शौचालयों तथा पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, मेडिकल टीमों की उपलब्धता तथा आपातकालीन सेवाओं को हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान उन्होंने पुजारियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि नदी किनारे सूचना बोर्ड स्थापित किए जाएंगे। मंदिर परिसर में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा तथा मेला मैदान में अस्थायी विद्युत मीटर लगाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

एसडीएम ने बैठक में सभी विभागों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए राज्य स्तरीय बैसाखी मेला-2026 के सफल आयोजन हेतु सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया