home page

कांगड़ा में तीन दिवसीय खेल कार्यक्रम, 27 अगस्त को प्रधानमंत्री करेंगे युवाओं से डिजिटल संवाद

 | 

धर्मशाला, 24 अगस्त (हि.स.)।

युवाओं को खेलों से जोड़ने, खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कांगड़ा में 27 से 30 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 27 अगस्त को निफ्ट कांगड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवाओं के साथ डिजिटल संवाद से होगी। इसके बाद 28 से 30 अगस्त तक साई सेंटर धर्मशाला में अलग-अलग खेल गतिविधियां करवाई जाएंगी। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

माय भारत कांगड़ा के उपनिदेशक ध्रुव डोगरा ने बताया कि 27 अगस्त को निफ्ट कांगड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं से डिजिटल माध्यम से संवाद करेंगे। देशभर की करीब 1400 जगहों से युवा इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे। कांगड़ा में सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में साई के चार खिलाड़ी भी युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। इनमें दो खिलाड़ी एथलेटिक्स, एक साइकिलिंग और एक भारोत्तोलन से जुड़े हैं।

निफ्ट में होगी मॉक ड्रिल

डोगरा ने बताया कि राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के सहयोग से तकनीकी व्यवस्था की जांच पूरी कर ली गई है। निफ्ट में मॉक ड्रिल भी करवाई जा रही है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की तकनीकी दिक्कत न आए। प्रधानमंत्री के साथ संवाद को लेकर युवाओं और खिलाड़ियों में खासा उत्साह है।

मेजर ध्यानचंद की जयंती पर होंगे खेल आयोजन

साई सेंटर धर्मशाला के सहायक निदेशक जेपी साहनी ने बताया कि मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर तीन दिन तक अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पहले दिन मेजर ध्यानचंद को डिजिटल और व्यावहारिक माध्यम से श्रद्धांजलि दी जाएगी।

29 अगस्त को होगा प्ले गेम कार्यक्रम

29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर प्ले गेम कार्यक्रम होगा। इसमें साई सेंटर के खिलाड़ी और कर्मचारी विभिन्न खेल गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। साहनी ने बताया कि देशभर में भारतीय खेल प्राधिकरण के सभी केंद्रों पर खिलाड़ी और कर्मचारी इस आयोजन में भाग लेंगे।

तीसरे दिन मूव थीम के तहत संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साई सेंटर में होने वाले इस आयोजन में साइकिलिंग के साथ योग और रस्सी कूद की गतिविधियां भी करवाई जाएंगी। कार्यक्रम में कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा त्रिगर्त योग से आचार्य रंजीत सिंह भी मौजूद रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया