नशा तस्करों के वित्तीय लेन देन और संपत्तियों की हो जांच : एसपी नूरपुर
धर्मशाला, 28 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर में जिला स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र की बैठक का आयोजन शनिवार को पुलिस जिला नूरपुर के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में उप-मंडल अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, स्वास्थ्य, शिक्षा, आबकारी विभाग और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान एसपी ने निर्देश दिए कि नशा तस्करों के विरुद्ध केवल कानूनी कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावसायिक मात्रा के मामलों में उनकी चल-अचल संपत्तियों की गहन वित्तीय जांच भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने इस बात पर बल दिया कि राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर तस्करों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया में भी तेजी लाई जाए। बैठक में नशा निवारण सीमितियों द्वारा माह फरवरी के दौरान किए गए प्रयासों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों को नशा मुक्ति केंद्र के माध्यम से नशे की लत छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को मुख्यधारा में वापस लाने हेतु उचित परामर्श और सहायता प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।
एसपी ने युवा पीढ़ी को इस कुरीति से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों को खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने का सुझाव दिया। उन्होंने सभी स्कूल प्राचार्यों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने शिक्षा संस्थानों में नशा विरोधी जागरुकता अभियान चलायें जिसमें पुलिस अधिकारियों, चिकित्सा अधिकारियों, मनोचिकित्सक, मनोवैज्ञानिक अधिकारियों तथा प्रेरणास्त्रोत के तौर पर नशा मुक्ति केन्द्रों से नशा मुक्त व्यक्तियों को भी इस अभियान में शामिल करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों के समीप स्थित दवा विक्रेताओं की नियमित और संयुक्त चेकिंग की जाए ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

