home page

एसओएस की परीक्षाओं का शेड्यूल जारी, 17 सितंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं

 | 
एसओएस की परीक्षाओं का शेड्यूल जारी, 17 सितंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं


धर्मशाला, 22 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) के तहत होने वाली 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षाओं की परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि पूर्ण विषय, री-अपीयर, श्रेणी सुधार और अतिरिक्त विषयों की ये परीक्षाएं 17 सितंबर 2026 से पूरे प्रदेश में आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने उन विद्यार्थियों को भी बड़ी राहत दी है, जो भारी बारिश या कंपार्टमेंट के कारण पहले परीक्षा नहीं दे पाए थे।

बोर्ड द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार सभी लिखित परीक्षाएं सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जाएंगी।

आठवीं कक्षा की परीक्षाएं 17 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक, दसवीं कक्षा की 17 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक तथा जमा दो (12वीं) कक्षा की 17 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी।

वहीं इसके बाद 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। ये परीक्षाएं 8 अक्टूबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 के बीच सभी राजकीय और मान्यता प्राप्त अध्ययन केंद्रों पर आंतरिक रूप से संचालित होंगी। संबंधित विषयों के अध्यापक ही इन परीक्षाओं के प्रश्न पत्र तैयार करेंगे।

इन छात्रों को मिला विशेष अवसर

बोर्ड ने उन विद्यार्थियों का विशेष ध्यान रखा है जिनकी परीक्षाएं किन्हीं कारणों से छूट गई थीं। मार्च 2026 में हुई 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में पुनर्मूल्यांकन के बाद जिन नियमित परीक्षार्थियों की कंपार्टमेंट आई है, उन्हें इस शेड्यूल के साथ परीक्षा देने का विशेष मौका दिया गया है। इसके अलावा 10 जुलाई 2026 को प्रदेश में भारी बारिश के कारण पैदा हुए हालातों की वजह से जो 8वीं के नियमित छात्र परीक्षा नहीं दे पाए थे, वे भी इन्ही तिथियों पर अपनी परीक्षा दे सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया