home page

एसओएस परीक्षा केंद्र बनाने हेतु निजी शिक्षण संस्थानों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

 | 
एसओएस परीक्षा केंद्र बनाने हेतु निजी शिक्षण संस्थानों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित


धर्मशाला, 04 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय की सितंबर-2026 में प्रस्तावित परीक्षाओं के लिए बोर्ड से संबद्ध निजी प्रबंधित विद्यालयों/संस्थानों को परीक्षा केंद्र के रूप में नामित किए जाने हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि इच्छुक निजी विद्यालय एवं संस्थान अपने विद्यालय को एसओएस परीक्षा केंद्र के रूप में नामित करवाने के लिए बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित प्रारूप के माध्यम से अपने स्कूल लॉगिन आईडी से केवल ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बिना विलंब शुल्क के आवेदन दिनांक 1 जून से 30 जून 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक पांच हजार विलंब शुल्क तथा 16 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक 10 हजार विलंब शुल्क सहित आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

डॉ. शर्मा ने बताया कि 30 जुलाई 2026 के बाद प्राप्त आवेदनों पर केवल सक्षम प्राधिकारी की पूर्व स्वीकृति के उपरांत ही विचार किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में निर्धारित शुल्क एवं विलंब शुल्क के अतिरिक्त नियमानुसार दंड भी देय होगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र सृजन से संबंधित नियम एवं शर्तें बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया