16 सितंबर से शुरू होंगी एसओएस परीक्षाएं, सीसीटीवी से नकलचियों पर रहेगी पैनी नजर
धर्मशाला, 14 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) की मैट्रिक एवं जमा दो कक्षाओं की सितंबर-2026 परीक्षाएं आगामी 16 सितंबर से निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शुरू होने जा रही हैं। परीक्षाओं के सुचारु, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए बोर्ड ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार परीक्षा की पवित्रता और शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता न करते हुए बोर्ड प्रशासन ने नकल पर नकेल कसने के लिए बेहद कड़े कदम उठाए हैं, जिससे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सकेगी।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसके साथ ही केंद्र अधीक्षक और उप-केंद्र अधीक्षकों की नियुक्तियां कर उनके नियुक्ति पत्र संबंधित विद्यालयों के स्कूल लॉगिन पर उपलब्ध करा दिए गए हैं और संचालन संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। परीक्षाओं के दौरान पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए केंद्रों में उपलब्ध सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है, जिसकी सीधी निगरानी बोर्ड मुख्यालय स्तर से की जाएगी ताकि किसी भी तरह की अनियमितता को तुरंत प्रभाव से रोका जा सके।
परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष निरीक्षण दलों यानी फ्लाइंग स्क्वायड की तैनाती की गई है, जो विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। प्रश्नपत्रों एवं अन्य परीक्षा सामग्रियों की सुरक्षित अभिरक्षा के लिए निर्धारित सुरक्षित कक्षों व डबल लॉक व्यवस्था का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य किया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट संदेश दिया है कि परीक्षार्थी किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का प्रयोग करने की कोशिश न करें, अन्यथा मामला सामने आने पर बोर्ड के नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही, परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी कर्मियों को बोर्ड के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी गई है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

