home page

शिक्षा महाकुम्भ 6.0 में केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्रों एवं शोधार्थियों ने मीडिया कॉन्क्लेव में लिया हिस्सा

 | 

धर्मशाला, 12 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के पत्रकारिता, जनसंचार एवं नव मीडिया स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं शोधार्थियों ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में आयोजित ‘शिक्षा महाकुम्भ 6.0’ के मीडिया कॉन्क्लेव में भाग लिया। यह शैक्षणिक भ्रमण विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल के मार्गदर्शन में संकाय की प्रशिक्षण एवं नियोजन गतिविधियों के अन्तर्गत संपन्न हुआ।

कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलनों में भागीदारी से विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान का विस्तार होता है और उन्हें मीडिया उद्योग की जमीनी हकीकत को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष शिक्षा महाकुंभ 6.0 के आयोजन में केंद्रीय विश्वविद्यालय सहयोगी संस्थान है तथा विश्वविद्यालय के विभिन्न संकाय सदस्य और विभाग इसमें सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

वहीं पत्रकारिता, जनसंचार एवं नव मीडिया स्कूल की अधिष्ठाता प्रो. अर्चना कटोच ने कहा कि मीडिया कॉन्क्लेव में भाग लेने हेतु विश्वविद्यालय के मीडिया स्कूल के दोनों विभागों के विद्यार्थियों-शोधार्थियों की सहभागिता विश्वविद्यालय द्वारा सुनिश्चित करवाई गई। उन्होंने बताया कि पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग तथा नव मीडिया विभाग की प्रशिक्षण एवं नियोजन गतिविधियों के तहत इस शैक्षणिक दौरे का आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक मीडिया प्रवृत्तियों, मीडिया नैतिकता और समकालीन मीडिया परिदृश्य की व्यावहारिक चुनौतियों से रूबरू कराना था।

‘सत्य की ताकत से दुनिया का अवलोकन’ विषयक इस मीडिया कॉन्क्लेव के दौरान विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने वरिष्ठ पत्रकारों, मीडिया विशेषज्ञों तथा शिक्षाविदों के साथ संवाद किया और विषय से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपने विचार साझा किए। पत्रकारिता विभाग के सहायक आचार्य डॉ. चन्दन आनन्द एवं नव मीडिया विभाग के सहायक आचार्य डॉ. दीपक वेष्णव इस शैक्षणिक भ्रमण के समन्वयक के रूप में विद्यार्थियों के साथ रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया