एसआईएचएम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन परीक्षा 3 जुलाई को
धर्मशाला, 30 जून (हि.स.)। राज्य होटल प्रबंधन संस्थान (एसआईएचएम) धर्मशाला ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.एस.सी. हॉस्पिटैलिटी एवं होटल एडमिनिस्ट्रेशन पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है। यह संस्थान राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं केटरिंग प्रौद्योगिकी परिषद, नई दिल्ली से संबद्ध है तथा पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार एवं पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा संयुक्त रूप से प्रायोजित है। उधर नई अधिसूचना के अनुसार इस वर्ष प्रवेश ऑनलाइन एंट्रेंस टेस्ट के माध्यम से किए जाएंगे। ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा का प्रथम चरण 3 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 1 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह स्नातक कार्यक्रम विद्यार्थियों को आतिथ्य एवं पर्यटन उद्योग में उज्ज्वल भविष्य बनाने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है। पाठ्यक्रम पूर्ण करने पर विद्यार्थियों को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली द्वारा डिग्री प्रदान की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

