home page

शाहपुर के बोह क्षेत्र में प्रभावित परिवारों से मिले उपायुक्त, राहत कार्यों का लिया जायजा

 | 
शाहपुर के बोह क्षेत्र में प्रभावित परिवारों से मिले उपायुक्त, राहत कार्यों का लिया जायजा


धर्मशाला, 22 जुलाई (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बोह क्षेत्र में गत दिवस हुई भारी वर्षा से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा बुधवार को बोह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 160 प्रभावित लोगों के ठहरने की व्यवस्था राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बोह में की है। राहत शिविर में सभी प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी परिवार को कठिन समय में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि पूरे मानसून सीजन के दौरान जिला प्रशासन का कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें।

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ा है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया