home page

पालमपुर के बगौड़ा में एसडीआरएफ उत्कृष्टता केन्द्र की स्थापना के मद्देनजर बैठक आयोजित

 | 

धर्मशाला, 25 जून (हि.स.)। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जिला कांगड़ा के पालमपुर उपमंडल के अंतर्गत बगोड़ा गांव में स्थापित किए जाने वाले राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) परिसर को लेकर राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों, हितधारकों तथा स्थानीय लोगों के साथ एक परामर्श बैठक आयोजित की।

बैठक में डीएसपी, एसडीआरएफ कैलाश शर्मा ने बताया कि प्रस्तावित परिसर के माध्यम से कांगड़ा में एक आधुनिक एवं एकीकृत राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल कंपनी परिसर स्थापित किया जाएगा। यह परिसर आपदा के दौरान परिचालन तत्परता, प्रशिक्षण क्षमता, आपातकालीन प्रतिक्रिया दक्षता तथा कल्याणकारी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने बताया कि परिसर में विशेषीकृत प्रशिक्षण अवसंरचना, सिमुलेशन आधारित शिक्षण वातावरण, प्रशासनिक भवन, आवासीय सुविधाएं तथा अन्य सहायक सेवाएं विकसित की जाएंगी, जिससे हिमाचल प्रदेश में प्रभावी आपदा प्रबंधन एवं त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

पर्यावरण विशेषज्ञ रूपा ने बताया कि बैठक का उद्देश्य स्थानीय लोगों के साथ पर्यावरण एवं सामाजिक प्रबंधन योजना, हितधारकों की भागीदारी तथा जेंडर एक्शन प्लान के अंतर्गत संचालित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा करना तथा उनके सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं प्राप्त करना था।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया