आरआरएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने धर्मगुरु दलाई लामा से की शिष्टाचार भेंट
धर्मशाला, 28 मार्च (हि.स.)। हिमाचल के कांगड़ा जिला के तीन दिवसीय प्रवास पर धर्मशाला पंहुचे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरआरएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने प्रवास के प्रथम दिन शनिवार सुबह सबसे पहले तिब्बती धर्मगुरु परम पावन दलाई लामा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दत्तात्रेय होसबोले ने दलाई लामा के साथ कई बिंदुओं पर चर्चा की। इसके बाद आरआरएस सरकार्यवाह होसबोले ने निर्वासित तिब्बत सरकार के ससंद का अवलोकन किया जहां पर उनका औपचारिक परिचय एवं स्वागत किया गया। वहीं बाद में उन्होंने कोतवाली बाजार स्थित सामुदायिक भवन में देव भूमि मैत्री संघ द्वारा आयोजित धर्म सम्मेलन में भाग लिया।
सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए होसबाले ने कहा कि तथागत बुद्ध कहते थे एष : धर्म सनातन! सनातन की जड़े प्रकृति में विद्यमान हैं, मानव सेवा धर्म है। जो शुचिता, करुणा, तपस्या, त्याग आधारित है। हमारा सभी का एक ही लक्ष्य है। सभी महापुरुषों ने समय समय पर धर्म की स्थापना एवं धर्म रक्षा के लिए प्राणार्पण किये। गुरु तेगबहादुर जी ने धर्म रक्षा हेतु बलिदान किया, उसी धर्म रक्षा के लिए परम पावन दलाई लामा जी विश्व में शांति का संदेश दे रहें हैं। इसलिए हमें सभी को धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि 7वें लिंग रिंपोछे उपस्थित हुए। इस सम्मेलन का आयोजन परम पावन दलाई लामा के 90 वर्ष पूर्ण होने पर उनके दीर्घायु के लिए एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के निमित्त किया गया।
लिंग रिंपोछे ने संघ की प्रशंसा करते हुए कहा कि संघ देश और दुनिया में एकता, समरसता एवं सदभावना का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी को पर्यावरण रक्षा, अहिंसा एवं विश्व शांति के लिए कार्य करने की आवश्यकता है। भारत दुनिया को सही रास्ता दिखा कर आगे बढ़ रहा है। सम्मेलन में किनौर, लाहौल, स्पीति, जिला कांगड़ा एवं अन्य कई स्थानों से बौद्ध धर्म के अनुयायियों ने भाग लिया।
इस अवसर प्रान्त संघचालक डा. वीर सिंह रांगडा, क्षेत्र कार्यवाह रोशन यादव, डा. किस्मत कुमार, क्षेत्र प्रचारक जतिन, सरदार जसवीर, भूषण रैना, गेशे लोंगजाग, कोचांग गोम्पा नेगी, तंजीन छोगदेन, कोंचा मिगमार, कार्यक्रम संयोजक डा. थूकतन नेगी, सह संयोजक सुनील शर्मा, भूपेंद्र सिंह सहित कई प्रबुद्ध लोगों ने भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

