home page

धर्मशाला में सड़क हादसे में कार खाई में गिरी, चालक की मौत, युवती गंभीर घायल

 | 

धर्मशाला, 25 जून (हि.स.)। धर्मशाला पुलिस थाना के तहत एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को देर शाम करीब को नरघोटा गांव के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस के अनुसार नरघोटा निवासी क्षितिज कपूर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह घटना के समय नरघोटा गांव के पास सड़क किनारे मौजूद था। इसी दौरान पंजाब नंबर (पीबी65एल-9535) की एक कार गांव से गुजर रही थी, जो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

हादसे में कार चालक अक्षय कुमार निवासी शीला चौक, धर्मशाला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार उपासना सिंह निवासी फतेहबाद, पंजाब गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती का उपचार डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, टांडा में चल रहा है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया