home page

धर्मशाला में सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार की मौत, एक घायल

 | 

धर्मशाला, 07 जुलाई (हि.स.)। धर्मशाला थाना क्षेत्र के तहत पास्सू स्थित सब्जी मंडी के समीप सोमवार रात हुए सड़क हादसे में स्कूटी पर पीछे बैठे 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब नौ बजे रामवीर (23) पुत्र ओमपाल, निवासी जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) और निलेश कुमार (23) पुत्र महेश चंद्र, निवासी जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), वर्तमान में ढगवार स्थित मिल्क प्लांट के समीप किराये के मकान में रह रहे थे। दोनों स्कूटी पर शीला की ओर से ढगवार की तरफ जा रहे थे। पास्सू सब्जी मंडी के समीप मोड़ पर पहुंचने पर स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर जा गिरी। हादसे में स्कूटी के पीछे बैठे रामवीर को गंभीर चोटें आईं, जबकि चालक निलेश कुमार भी बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामवीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल निलेश कुमार का अस्पताल में उपचार जारी है।

एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए टांडा अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया