'धौलाधार प्रेस क्लब' का गठन, पवन शर्मा अध्यक्ष व नीरज व्यास को महासचिव का जिम्मा
धर्मशाला, 24 सितंबर (हि.स.)। धर्मशाला में पत्रकारों के हितों की रक्षा, एकजुटता और उनके कल्याण के लिए 'धौलाधार प्रेस क्लब' का विधिवत गठन हो गया है। सोसायटी एक्ट 2006 के तहत पंजीकृत इस नए क्लब की कमान पवन शर्मा (अध्यक्ष) और नीरज व्यास (महासचिव) को सौंपी गई है। क्लब के पंजीकरण के बाद जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सभागार में वीरवार को नई कार्यकारिणी की पहली आधिकारिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से पत्रकारों के उत्थान के लिए आगामी रूपरेखा और ठोस रणनीति तय की गई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष पवन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस अहम बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि भविष्य में पत्रकारों के कल्याण, उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान और पेशेवर दक्षता को बढ़ाने के लिए क्लब के बैनर तले विभिन्न सार्थक व सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में धौलाधार प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी को भी सार्वजनिक किया गया। कार्यकारिणी में अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा व महासचिव नीरज व्यास के अलावा सन्नी महाजन को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा यशपाल सिंह व कमलजीत को उपाध्यक्ष का जिम्मा सौंपा गया है। इसके साथ ही मोहिंद्र सिंह को कोषाध्यक्ष, प्रदीप धीमान को सह-कोषाध्यक्ष और दिनेश कटोच को क्लब का सलाहकार नियुक्त किया गया है। वहीं, नरेन कुमार, विपिन कुमार, तनुज कुमार और राजिंद्र कुमार डोगरा संयुक्त सचिव के रूप में अपना दायित्व निभाएंगे।
क्लब में युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सचिन चौधरी को युवा इकाई सचिव और सिमरन को महिला इकाई का सचिव बनाया गया है। इसके अतिरिक्त संस्था के इवेंट कवरेज व मीडिया सचिव के रूप में नितिन कुमार व अनिकेत सोनी तथा आईटी सचिव के तौर पर विनोद कुमार व विवेक कुमार कार्यभार संभालेंगे। तिलक राज को बतौर कार्यकारिणी सदस्य शामिल किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

