पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह कल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी शिरकत
धर्मशाला, 29 अप्रैल (हि.स.)। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर का 17वां दीक्षांत समारोह कल वीरवार को विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित किया जाएगा। दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति इस दौरान मेधावी छात्रों को गोल्ड मैडल प्रदान करेगी।
तय कार्यक्रम के मुताबिक राष्ट्रपति कल सुबह करीब साढ़े नौ बजे पालमपुर कॄषि विश्वविद्यालय पंहुचेंगी। विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के समारोह में एक सितंबर, 2018 से 31 अगस्त, 2023 के मध्य उत्तीर्ण हुए विश्वविद्यालय के पात्र विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर (मास्टर्स एवं डॉक्टरेट) उपाधियां, स्वर्ण पदक तथा अन्य पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। केवल वे ही स्नातकोत्तर विद्यार्थी, जिन्होंने दीक्षांत समारोह में भाग लेने की अपनी सहमति प्रदान की है, अपनी उपाधियां व्यक्तिगत रूप से प्राप्त करेंगे।
उधर विश्वविद्यालय द्वारा दीक्षांत समारोह के लिए आज बुधवार को पूर्वाभ्यास भी किया।
विश्वविद्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि सभी उपाधि, स्वर्ण पदक एवं अन्य पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं ने पूर्वाभ्यास में हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि स्नातक विद्यार्थियों के दीक्षांत समारोह के आयोजन की तिथियां अलग से अधिसूचित की जाएंगी।
वहीं राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पालमपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विश्वविद्यालय परिसर सहित साथ लगते क्षेत्रों में जगह जगह पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

