home page

कांगड़ा में एक सप्ताह में 1652 ट्रैफिक चालान, सवा लाख के करीब जुर्माना वसूल

 | 

धर्मशाला, 14 जुलाई (हि.स.)। कांगड़ा पुलिस ने जिलेभर में एक सप्ताह तक लगातार नाका जांच, शाम और रात्रि गश्त अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने, डिपर का प्रयोग नहीं करने, हाई बीम का इस्तेमाल करने, सीट बेल्ट नहीं लगाने सहित विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 1652 चालान किए गए। पुलिस ने इस मौके पर 1,24,500 रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि अन्य मामलों को न्यायालय भेजा गया है।

पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए 39 चालान किए हैं और संबंधित मामलों में कानूनी कार्रवाई जारी है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, उपद्रव और शांति भंग करने वाले 34 लोगों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले में नाका जांच, शाम और रात्रि गश्त का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग और विशेषकर रात्रि के समय कानून व्यवस्था भंग करने वालों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया