भागसूनाग के कैफे से बरामद नशे की खेप के बाद पुलिस एक्शन मोड में, बाहरी राज्यों के कारोबारियों पर नजर
धर्मशाला, 24 अगस्त (हि.स.) । पर्यटन नगरी धर्मशाला-मैक्लोडगंज के ऊपरी भागसूनाग स्थित कैफे में रेव पार्टी की सूचना के दौरान चरस, चिट्टा, भांग और बीयर बरामद होने के बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। मामले में पकड़े गए दोनों मुख्य आरोपी बाहरी क्षेत्र से संबंधित हैं। इनमें एक आरोपी मंडी जिला और दूसरा पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। अब पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। साथ ही नशा कहां से पहुंचा, कितना नशा क्षेत्र में पहुंचाया गया और इसके पीछे कौन लोग जुड़े हैं, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
कैफे से बरामद हुआ था चिट्टा, चरस, भांग की पत्तियां और बीयर
गौर हो कि पुलिस थाना मैक्लोडगंज की टीम ने बीती देर रात ऊपरी भागसूनाग स्थित जंगल कॉलिंग कैफे में कार्रवाई के दौरान 25.94 ग्राम चरस, 1.25 ग्राम चिट्टा, 5.35 ग्राम भांग की पत्तियां/गांजा और किंगफिशर स्ट्रांग बीयर के 19 कैन बरामद किए थे। पुलिस ने कैफे संचालक राकेश कुमार निवासी धर्मपुर, जिला मंडी और विजित भट्टाचार्य निवासी संतोषपुर, कोलकाता, पश्चिम बंगाल के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम और हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर नशे की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह भी खंगाला जा रहा है कि आरोपियों के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और कैफे में नशीले पदार्थों की आपूर्ति किस माध्यम से हो रही थी। बरामद नशीले पदार्थ और शराब की इन्वेंट्री सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया भी जारी है। वहीं, पुलिस की नजर अब धर्मशाला-मैक्लोडगंज क्षेत्र में संचालित कैफे, होटल और रेस्तरां की गतिविधियों पर भी है।
जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और मुंबई समेत विभिन्न राज्यों से लोग पर्यटन नगरी में कारोबार कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस संदिग्ध गतिविधियों वाले प्रतिष्ठानों और रेव पार्टियों को लेकर निगरानी बढ़ा रही है। हालांकि, कार्रवाई किसी क्षेत्र विशेष के लोगों के खिलाफ नहीं, बल्कि नशे की तस्करी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ की जाएगी। भागसूनाग और धर्मकोट क्षेत्र में रेव पार्टियों तथा नशे की गतिविधियों को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने गश्त, नाकाबंदी और औचक जांच बढ़ाने की तैयारी की है। पुलिस अब यह भी सुनिश्चित करेगी कि पर्यटन की आड़ में कोई नशे का कारोबार या अवैध गतिविधि संचालित न हो।
नशीले पदार्थों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का लगाया जा रहा है पता : डीआईजी
डीआईजी नॉर्थ जोन सौम्या सांबशिवन ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के माध्यम से नशीले पदार्थों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला-मैक्लोडगंज पर्यटन क्षेत्र है और यहां नशे की तस्करी या रेव पार्टी की आड़ में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस को ऐसे मामलों में लगातार जांच, नाके और छापेमारी करने के निर्देश दिए गए हैं। नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

