home page

प्रधानमंत्री 2 अगस्त को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत युवाओं को करेंगे संबोधित

 | 

धर्मशाला, 31 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत देश भर के युवाओं को वर्चुअली संबोधित करेंगे। यह अभियान युवा मामले और खेल मंत्रालय के ‘माई भारत’ की एक राष्ट्रव्यापी पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ एकजुट करना और एक स्वस्थ, जिम्मेदार और नशा-मुक्त जीवन शैली को बढ़ावा देना है।

यह कार्यक्रम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का हिस्सा है। इस अभियान को जागरूकता, सामुदायिक भागीदारी, खेल, संस्कृति और सकारात्मक सामाजिक जुड़ाव के माध्यम से नशीली दवाओं की लत के खिलाफ युवाओं के नेतृत्व वाली कार्रवाई को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू किया गया था। यह अभियान प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्त भारत’ के विजन और ‘विकसित भारत@2047’ की राष्ट्रीय आकांक्षा के अनुरूप है।

इस वर्चुअल बातचीत से देश भर के लगभग 10,000 स्थानों के जुड़ने की उम्मीद है, जिससे एक करोड़ से अधिक युवा एक साथ आएंगे। इनमें माई भारत स्वयंसेवक, माई भारत-एनएसएस स्वयंसेवक, युवा क्लब, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्र, एनजीओ के प्रतिनिधि, औद्योगिक संघों के युवा विंग और 125 से अधिक सहयोगी संगठनों के सदस्य शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान, देश भर के युवा सामूहिक रूप से ‘नशा मुक्ति संकल्प’ लेंगे और नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने तथा दूसरों को भी इस आंदोलन में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएंगे।

यह कैंपेन ‘राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन’ के साथ संपन्न होगा। यह सम्मेलन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित करने का प्रस्ताव है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया