home page

आज आएगा जमा दो का परीक्षा परिणाम, ऑनलाइन दिखेगा परिणाम

 | 
आज आएगा जमा दो का परीक्षा परिणाम, ऑनलाइन दिखेगा परिणाम


धर्मशाला, 04 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के 12वीं कक्षा के हजारों विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम को लेकर इंतजार खत्म होने वाला है। बोर्ड द्वारा सोमवार को सुबह 11 बजे जमा दो के तीनों संकायों का परीक्षा परिणाम घोषित किया जा रहा है। प्रदेश भर आयोजित जमा दो की परीक्षा में इस बार 81,411 छात्र-छात्राओं ने अपनी भागीदारी दर्ज की है।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि शिक्षा बोर्ड ने परिणाम घोषित करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड 12वीं कक्षा के सभी संकाय (आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स) का रिजल्ट आज सुबह 11 बजे एक साथ घोषित करने जा रहा है। इस बार 81,411 छात्रों ने अपनी किस्मत आजमाई है।

ऑनलाइन दिखेगा परिणाम, सर्वर पर नजर

बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक, परीक्षा परिणाम पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होगा। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रोल नंबर डालकर तुरंत अपना स्कोरकार्ड देख सकेंगे। परिणाम समय पर आने से उन विद्यार्थियों को सबसे अधिक लाभ होगा जो देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया