home page

कांगड़ा जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी

 | 

धर्मशाला, 07 मई (हि.स.)। जिला पंचायत अधिकारी कांगड़ा सचिन ठाकुर ने बताया कि पंचायती राज संस्थानों के चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतर्गत जिला कांगड़ा में विभिन्न पदों हेतु नामांकन पत्र दाखिल किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 7 मई तक प्राप्त नामांकन पत्रों के अनुसार प्रधान पद हेतु 1407, उप-प्रधान पद हेतु 1404, वार्ड सदस्य पद हेतु 3295, पंचायत समिति सदस्य पद हेतु 393 तथा जिला परिषद सदस्य पद हेतु 60 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। इस प्रकार अब तक कुल 6559 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधान पद के लिए फतेहपुर ब्लॉक में सर्वाधिक 120 तथा रैत ब्लॉक में 117 नामांकन प्राप्त हुए हैं। उप-प्रधान पद हेतु प्रागपुर ब्लॉक में सर्वाधिक 122 नामांकन दाखिल किए गए हैं। वार्ड सदस्य पद के लिए प्रागपुर ब्लॉक में 339 तथा फतेहपुर ब्लॉक में 303 नामांकन प्राप्त हुए हैं। पंचायत समिति सदस्य पद हेतु इंदौरा एवं नगरोटा सूरियां ब्लॉक में सर्वाधिक 32-32 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।

उन्होंने आगे बताया कि जिला परिषद सदस्य पद के लिए ज्वाली खंड के कबाड़ी वार्ड में सर्वाधिक 5 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं, जबकि खोली तथा ठारू वार्ड में 4-4 नामांकन दाखिल किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया