धर्मशाला पंचायत समिति में भाजपा का कब्जा, आलोक अध्यक्ष और सरोज बनी उपाध्यक्ष
धर्मशाला, 02 जुलाई (हि.स.)। धर्मशाला पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज करते हुए पंचायत समिति पर अपना कब्जा जमाया है। अध्यक्ष पद पर आलोक कुमार और उपाध्यक्ष पद पर सरोज निर्वाचित हुए हैं। इस जीत पर धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने खुशी व्यक्त करते हुए सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी।
विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि सरकार ने पंचायत समिति चुनावों की तिथियां घोषित करने में काफी समय लगाया, लेकिन अंततः चुनाव शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी बीडीसी सदस्यों ने एकजुटता का परिचय देते हुए पंचायत समिति का सफलतापूर्वक गठन कराया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि अध्यक्ष आलोक कुमार, उपाध्यक्ष सरोज तथा सभी निर्वाचित सदस्य मिलकर धर्मशाला पंचायत समिति में विकास कार्यों को नई गति देंगे और क्षेत्र की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।
जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लंबित चुनावों को लेकर विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस मामले को न्यायालय में उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायती राज व्यवस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जिला परिषद के लंबित चुनावों की तिथियां जल्द घोषित की जाएं तथा जिन अधिकारियों की वजह से विभिन्न जिलों में चुनाव नहीं हो पा रहे हैं, उनकी जवाबदेही भी तय की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

