home page

पंचायत चुनाव : सुक्खू सरकार ने रोस्टर के नाम पर किया लोकतंत्र का कत्ल : त्रिलोक कपूर

 | 
पंचायत चुनाव : सुक्खू सरकार ने रोस्टर के नाम पर किया लोकतंत्र का कत्ल : त्रिलोक कपूर


धर्मशाला, 08 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश में अंधेर नगरी चौपट राजा का दौर चल रहा है। कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनकी सरकार पंचायती राज चुनावों से इस कदर डरी हुई है कि अब वह जनप्रिय और कर्मठ उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का गला घोंटने पर उतारू हो गए हैं।

बुधवार को जारी एक प्रेस बयान में भाजपा नेता ने प्रदेश भर के उन हजारों युवाओं, महिलाओं और आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि जिन्होंने पिछले पांच वर्षों से अपने क्षेत्र में दिन-रात सेवा की और चुनाव लड़ने का सपना देखा था, वह आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

कपूर ने कहा कि सरकार ने जिलाधीशों को रोस्टर में मात्र 5 प्रतिशत फेरबदल का अधिकार देने की आड़ में जो 15 प्रतिशत की अवैध धांधली की है, वह सीधे तौर पर उनकी लोकप्रियता और सेवा की भावना पर किया गया प्रहार है। कांग्रेस नहीं चाहती कि कोई भी ईमानदार और शिक्षित व्यक्ति जनसेवक बनकर पंचायती राज में आगे आए। कपूर ने कहा कि सुक्खू सरकार को जमीन से जुड़े लोकप्रिय उम्मीदवारों से भय लग रहा है। यही कारण है कि जानबूझकर उन पंचायतों के रोस्टर बदल दिए गए जहां कांग्रेस की हार निश्चित थी।

भाजपा नेता कपूर ने कहा कि समर्पित और शिक्षित उम्मीदवारों को चुनाव प्रक्रिया से बाहर करने के लिए रोस्टर के साथ कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की है। सरकार ने यह सुनिश्चित करने की कोशिश की कि केवल उनके चाटुकार ही चुनावी मैदान में टिक सकें, जबकि जनता के वास्तविक नायकों का अधिकार छीन लिया गया।

त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस के इस संविधान विरोधी निर्णय पर माननीय उच्च न्यायालय द्वारा लगाई गई रोक ने यह साबित कर दिया है कि सरकार की मंशा खोट से भरी थी। कोर्ट का यह फैसला उन सभी योग्य उम्मीदवारों के लिए एक उम्मीद की किरण है जिनके साथ सरकार ने अन्याय करने की कोशिश की थी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया