पंचायत चुनाव : कांगड़ा में दूसरे चरण में 74 प्रतिशत से अधिक मतदान
धर्मशाला, 28 मई (हि.स.)।ग्रामीण संसद यानि पंचायती राज चुनावों के दूसरे चरण में वीरवार को कांगड़ा जिला में मतदाताओं में खासा उत्साह रहा है। जिला में निर्धारित समय तीन बजे तक 74 प्रतिशत से अधिक मतदान हो चुका था। हालांकि कई जगह तीन बजे तक मतदान केंद्रों में पंहुच चुके मतदाताओं के मतदान की प्रक्रिया तीन बजे के बाद भी चलती रही।
जिला में दूसरे चरण के मतदान में भी महिलाओं का उत्साह अधिक रहा है। इंदौरा में सबसे अधिक 80 प्रतिशत से अधिक जबकि लंबा गांव में सबसे कम 64 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। वहीं जिला में एक बार फिर महिला शक्ति खुलकर मतदान करने पंहुची हैं। 79 प्रतिशत से अधिक महिला मतदाताओं ने मतदान किया जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 69 प्रतिशत रही।
गौरतलब है कि वीरवार को कांगड़ा जिला में 15 उपमंडलों के 18 पंचायत ब्लॉक की 282 पंचायतों में दूसरे चरण का मतदान हुआ है। इससे पूर्व बीते 26 मई को जिला में पहले चरण के मतदान में 287 पंचायतों के मतदाताओं ने अपने प्रतिनिधियों का चुनाव कर लिया है। उस दौरान भी जिला में मतदाताओं ने खासा उत्साह दिखाया तथा जिला में कुल 75.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। विशेष रूप से महिला मतदाताओं की भागीदारी इस चुनाव का सबसे बड़ा आकर्षण रही थी, जिन्होंने 81 प्रतिशत से अधिक मतदान कर लोकतंत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

